मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जनपद पंचायत तामिया कार्यालय में बुधवार को आयोजित साधारण सभा की बैठक में अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण भारी हंगामा देखने को मिला। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी अनुपस्थित रहे, वहीं अधिकारी की जगह स्वास्थ्य विभाग से एक प्राइवेट कंप्यूटर ऑपरेटर को भेजा गया, जिससे जनप्रतिनिधियों में तीखा जनाक्रोश देखने को मिला।
जनपद सदस्य देवीराम उईके ने बताया कि क्षेत्र में इस समय मूंग और धान की खरीदी चल रही है। झिरपा क्षेत्र में मूंग तुलाई में अनियमितताओं की शिकायत पहले भी एसडीएम से की गई थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। किसानों द्वारा सिंचाई कार्य भी शुरू हो चुका है, फिर भी विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी बैठक में उपस्थित नहीं हुए।
जनपद सदस्य हरिश उईके ने कहा कि बैठक में जब भी क्षेत्रीय प्रस्ताव रखे जाते हैं, अधिकारियों द्वारा उन्हें कोई महत्व नहीं दिया जाता। इस बार की सामान्य सभा में भी कृषि, सहकारिता विभाग और जनपद पंचायत सीईओ मोनिका झरिया, लेखाधिकारी मथुरा डेहरिया उपस्थित रहे, लेकिन वन विभाग, एसडीओ, बीआरसी, विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी बैठक से नदारद रहे।
अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा नहीं हो सकी, जिनमें मूंग खरीदी, मक्का खरीदी और किसानों से जुड़े विद्युत मुद्दे शामिल थे।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विभागीय अधिकारियों का रवैया लगातार लापरवाही भरा बना हुआ है। पिछली बैठकों में भी जनपद सदस्य देवीराम उईके ने नाराजगी जताई थी, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।
बैठक में उपस्थित जिला पंचायत सदस्य नवीन मरकाम, जनपद अध्यक्ष, जनपद उपाध्यक्ष सुधीर यहके, सभापति जगदीश उईके, देवी पटेल सहित कई जनपद सदस्य मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि जिन विभागीय अधिकारियों ने लापरवाही दिखाई है, उनके खिलाफ कलेक्टर को शिकायत भेजी जाएगी।
