गणेश मौर्या, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:

उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले में अकबरपुर स्थित तमसा नदी घाट पर छठ महापर्व के तीसरे और चौथे दिन श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़ उमड़ी। भीड़ ने इस वर्ष सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। मंगलवार की सुबह तमसा नदी के दोनों घाटों पर भक्तों ने पूजा-अर्चना की और सूर्य देव की लालिमा को अर्घ्य अर्पित कर विश्व कल्याण की कामना की।अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने कच्चे दूध का शरबत पीकर पारण किया।

इस दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, अतिरिक्त अधिकारी अरविंद कुमार, एसडीएम प्रतिज्ञा सिंह, सीओ सिटी नीतीश कुमार, और शहर कोतवाल श्रीनिवास पांडे सहित प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही।

भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ छठ पर्व की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी गई। नगर पालिका अध्यक्ष और नगर पालिका के कर्मचारी घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्था में पूरी तरह जुटे रहे।

मंगलवार की सुबह से ही सैकड़ों श्रद्धालु घाटों पर जुटने लगे। सूर्योदय होते ही व्रतियों ने फलों और पकवानों के साथ सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कोसिया जलाने के बाद व्रतियों ने जल में उसका विसर्जन किया। तत्पश्चात घर लौटकर पारण किया और चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन किया।
