अबरार अहमद खान/मुकीज खान, भोपाल (मप्र), NIT:
मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों की सुविधा और त्वरित सहायता के उद्देश्य से डायल-112 आपातकालीन सेवा के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर में परिवर्तन किया है। अब नागरिक किसी भी आपात स्थिति चाहे वह पुलिस सहायता, आगजनी, चिकित्सा आपातकाल या महिला सुरक्षा से संबंधित हो नए नंबर 7869700112 के माध्यम से पुलिस से सीधे संपर्क कर सकेंगे।
मध्यप्रदेश पुलिस ने बताया कि नागरिक अब पुराने व्हाट्सएप नंबर के स्थान पर नवीन व्हाट्सएप नंबर 7869700112 पर अपनी शिकायतें, सूचनाएँ या सहायता के अनुरोध भेज सकते हैं। यह सेवा 24×7 उपलब्ध रहेगी, जिससे राज्यभर के लोगों को त्वरित और प्रभावी सहायता प्राप्त हो सके।
पुलिस विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे इस नए नंबर को अपने मोबाइल फ़ोन में सेव करें और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत इसका उपयोग करें। साथ ही, किसी भी अफवाह या असत्य सूचना से बचने की भी सलाह दी गई है।
मध्यप्रदेश पुलिस का संदेश:
“आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता है।”
नागरिकों की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना हमारा कर्तव्य है। डायल-112 सेवा निरंतर आपके साथ है, किसी भी आपात स्थिति में बेहिचक संपर्क करें।
