पुरानी रंजिश ने ली जान: रिनिया-रायपुरा में युवक की हत्या, गांव में तनाव | New India Times

आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ भिंड (मप्र), NIT:

पुरानी रंजिश ने ली जान: रिनिया-रायपुरा में युवक की हत्या, गांव में तनाव | New India Times

दबोह थाना अंतर्गत ग्राम रिनिया-रायपुरा में शनिवार शाम लगभग 5:30 बजे पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में विवाद हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों पर प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी तुलाराम जाटव (उम्र 45 वर्ष), निवासी ग्राम जमदारा (वर्तमान निवास रायपुरा नंबर 2), अपने भांजे रुद्रप्रताप उर्फ अली जाटव के साथ मोटरसाइकिल से ट्यूबवेल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रिनिया गांव के पास नहर किनारे रणवीर कौरव, आशु कौरव, प्रहलाद कौरव, राजीव कौरव और कुंअरसिंह कौरव ने रास्ता रोककर हमला कर दिया।

बताया गया कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर जातिसूचक गालियां दीं और लाठी-डंडों एवं सरियों से दोनों पर हमला किया। हमले में रुद्रप्रताप गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया, जबकि तुलाराम को भी कई जगह गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद गांव के शैलेन्द्र जाटव और कमलेश जाटव ने बीच-बचाव कर दोनों को बचाया। परिजनों द्वारा घायल दोनों को ग्वालियर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रुद्रप्रताप उर्फ अली को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के घर के बाहर खड़े वाहनों में आग लगा दी, जिसमें एक जीप पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सुरक्षा के मद्देनज़र रिनिया-रायपुरा को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है और सीमावर्ती थानों को सतर्क कर दिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के साथ SC/ST Act अंतर्गत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक का अंतिम संस्कार पुलिस अभिरक्षा में कराया गया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version