मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
इंदिरा इंस्टिट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, भोपाल के दो सहायक प्रोफ़ेसर श्री मोहम्मद मुसाब खान और श्री ताहिर ढ़ाई रोज़ा के बुरहानपुर दौरे ने सफलता की नई पायदान छुई। दोनों प्रोफेसर गुरुवार की सुबह बुरहानपुर पहुंचे, जहां रेलवे स्टेशन पर कॉलेज के पूर्व छात्रों — मुदस्सिर रज़ा, अब्दुल क़ादिर, अरबाज़ उद्दीन, मोईन अहमद, जुनैद आसिफ़, नौमान, शेख़ शरीफ़, मोईन अंसारी और फ़ैज़ान ख़ान — ने पारंपरिक तरीके से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
पूर्व छात्रों ने 12वीं कक्षा में अध्ययनरत और 12वीं उत्तीर्ण छात्रों के लिए मोमिन जमाअत खाना, अंसार नगर बुरहानपुर में एक “गेट-टु-गेदर” मीटिंग का आयोजन किया। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर दोनों प्रोफेसरों ने इंदिरा इंस्टिट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, भोपाल में प्रवेश (Admission) के लाभों और फार्मेसी पाठ्यक्रमों की जानकारी दी तथा छात्रों के प्रश्नों का समाधान किया।
ढाई दिन के इस दौरे के दौरान — गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार — दोनों प्रोफेसरों ने कई स्कूलों के प्राचार्यों, विभागाध्यक्षों, कोचिंग संचालकों और शिक्षकों से भेंट कर कॉलेज के बी. फार्मेसी (4 वर्षीय) एवं डी. फार्मेसी (2 वर्षीय) पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के लिए मार्गदर्शन दिया। साथ ही उन्होंने आरक्षित वर्ग के पात्र छात्रों को ओबीसी छात्रवृत्ति (Scholarship) की जानकारी भी दी।
अबू अय्यूब अंसारी स्कूल के प्राचार्य श्री शकील अंसारी से भी दोनों प्रोफेसरों ने मुलाकात की, जिन्होंने छात्रों को एडमिशन दिलाने का आश्वासन दिया। शनिवार की सुबह दोनों प्रोफेसरों ने शाही जामा मस्जिद बुरहानपुर के ख़तीब व इमाम हज़रत सैयद इकराम उल्लाह बुख़ारी साहब क़िब्ला और मुतवल्ली हज़रत सैयद मोहम्मद अनवार उल्लाह बुख़ारी साहब क़िब्ला से सौजन्य भेंट की। इस दौरान पारंपरिक रूप से तोहफ़ों का आदान-प्रदान भी हुआ। शहर क़ाज़ी हज़रत सैयद साहब क़िब्ला ने भी कॉलेज के इस प्रयास में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
दोनों प्रोफेसरों ने इस प्रतिनिधि से चर्चा में बताया कि —
“हमारा कॉलेज वर्ष 2019 से निरंतर संचालित है। बुरहानपुर के कई छात्र यहां अध्ययन कर चुके हैं। हाल के वर्षों में एडमिशन में थोड़ी कमी आई थी, इसलिए प्रबंधन ने हमें यहां की स्थिति का जायज़ा लेने और स्थानीय शिक्षाविदों व कोचिंग संचालकों से संवाद करने हेतु भेजा था। हमारा दौरा पूर्ण रूप से सफल रहा, और हम बुरहानपुर के नागरिकों एवं छात्रों के सहयोग के आभारी हैं।”
उन्होंने छात्रों के उत्साह और आतिथ्य की सराहना करते हुए कहा कि कुछ छात्रों ने अपने घर पर भी उनका स्वागत किया। दोनों प्रोफेसरों के ठहरने की व्यवस्था मोमिन जमात बुरहानपुर द्वारा की गई थी। बताया गया कि उक्त फार्मेसी कॉलेज भोपाल के एक कद्दावर नेता के नेतृत्व में संचालित होता है, जो वर्तमान में विधायक भी हैं।
