वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब मितौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत कस्ता कस्बे में सोमवार की देर रात शराब के नशे में बड़े भाई ने अपने सगे छोटे भाई की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। इस दर्दनाक वारदात से पूरे कस्बे में सनसनी फैल गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जानकारी के अनुसार, मृतक सतीश उर्फ चौड़ा (22 वर्ष) तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
बड़ा भाई सूरज दिल्ली-गाजियाबाद में मजदूरी करता है, जबकि मंझला भाई बिजेन्द्र उर्फ बंटी घर पर रहता है। बताया जा रहा है कि सतीश भी गाजियाबाद में मजदूरी करता था और दीपावली मनाने अपने घर कस्ता आया हुआ था। सोमवार देर रात नशे में धुत बंटी ने छोटे भाई सतीश से जुआ खेलने के लिए पैसे मांगे, लेकिन सतीश ने पैसे देने से इनकार कर दिया।
इस पर बंटी आपा खो बैठा और मां के सामने ही धारदार हथियार से छोटे भाई के गले पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में सतीश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मितौली पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह परिहार, थाना प्रभारी रविंद्र सोनकर, तथा कस्ता चौकी प्रभारी जयकृष्ण तिवारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी बड़ा भाई बिजेन्द्र उर्फ बंटी घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। खबर लिखे जाने तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
