शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:

पीपीगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर 2 में शनिवार को उन परिवारों के लिए नि:शुल्क फैमिली आईडी शिविर लगाया गया, जिनके पास राशन कार्ड नहीं है। इस पहल का उद्देश्य ऐसे परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है, जो राशन कार्ड न होने के कारण अब तक वंचित रह गए थे।
यह फैमिली आईडी राशन प्राप्त करने के लिए नहीं है, बल्कि यह परिवार की पहचान के रूप में कार्य करेगी और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पाने में सहायक होगी। इस आईडी के माध्यम से परिवार का पूरा विवरण एक पोर्टल पर देखा जा सकता है, जो केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लिए उपयोगी साबित होगा।
वार्ड नंबर 2 के सभासद रामानंद दाढ़ी वाले ने बताया कि अब नगर के ऐसे परिवार जिनके पास राशन कार्ड नहीं है, वे फैमिली आईडी के माध्यम से केंद्र सरकार की मोदी सरकार और राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ उठा सकेंगे।
बताया गया कि इस योजना की शुरुआत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की थी ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी राशन कार्ड न होने के कारण सरकारी योजनाओं से वंचित न रह जाए। शिविर के दौरान आशुतोष गुप्ता, शिवम जायसवाल, कमलेश जायसवाल, सचिन गुप्ता, विनोद चौधरी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
