अतिश दीपंकर, पटना (बिहार), NIT;
राजद के प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को दिये गये सजा पर भाजपा और जदयू नेताओं द्वारा दिये गये प्रतिक्रिया को जनभावनाओं के विरूद्ध बताया है।
उन्होंने कहा है कि राजद सीबीआई के विशेष न्यायालय द्वारा दिये गये फैसले का सम्मान करती है और इस फैसले के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया के तहत उच्च न्यायालय में जायेगी, जहां निश्चित रूप से लालू जी दोष मुक्त होंगे। उन्होंने भाजपा और जदयू नेताओं को 2 जी मामला में केन्द्रीय वित्तमंत्री अरूण जेटली द्वारा दिये गये बयान को याद दिलाया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘‘न्यायालय का फैसला कोई सर्टिफिकेट नहीं है’’।
राजद नेता ने कहा है कि बिहार ही नहीं देश की जनता जानती है कि लालू जी को एक सुनियोजित साजिश के तहत फंसाया गया है। इस बात की स्वीकारोक्ति इसी केश में निर्दोष करार दिये गये जगन्नाथ मिश्रा एवं इस केश के याचिकाकर्ता शिवानंद तिवारी के बयानों से हो चुका है।
उन्होंने कहा कि जदयू और भाजपा के लोग भ्रम में न रहें। सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता में विश्वास रखने वाली शक्तियां आज लालू प्रसाद जी के साथ खड़ी हैं और नेता प्रतिपक्ष श्री तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता की धारा और भी ज्यादा मजबूत होगी और आगे आने वाले चुनावों में साजिशकर्ता भाजपा और जदयू का नामोनिशान मिटाकर इस साजिश का बदला लेगी।
राजद नेता ने कहा है कि पहले भी कुछ मुट्ठी भर लोगों ने यह भ्रम पाला था कि लालू यादव की राजनीति समाप्त हो चुकी है। उनका भ्रम बिहार की जनता तोड़ चुकी है। राष्ट्रीय जनता दल राबड़ी जी के कुशल निर्देशन में तेजस्वी जैसा प्रभावशाली और लोकप्रिय नेता के नेतृत्व में और भी मजबूती के साथ सामाजिक न्याय विरोधी और साम्प्रदायिक शक्तियों को धूल चटाने का काम करेगी।
