निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के परसोहन घाट में सोमवार देर शाम अंतरिक्ष विज्ञान की दिशा में एक अनोखा प्रयोग हुआ। स्पेस दर्शन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से स्थानीय युवाओं ने शैक्षणिक अनुसंधान के तहत रॉकेट का सफल प्रक्षेपण किया। लॉन्च की खबर मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस विभाग में हलचल मच गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि प्रयोग करने वाले बिस्कोहर के ही कुछ युवा हैं, जो वैज्ञानिक शिक्षा और अनुसंधान से जुड़े हुए हैं। इस उपलब्धि से इलाके में उत्साह का माहौल है। खासकर इसलिए कि इस प्रोजेक्ट से जुड़े रत्नेश सोनी इटवा के प्रसिद्ध राहुल बेकर्स के भांजे हैं। लॉन्च की सफलता के बाद इटवा में देर रात तक जश्न और पार्टी का आयोजन भी किया गया।

जानकारी के मुताबिक, सीरीज स्पेस के फाउंडर ने स्पेस दर्शन प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से यह परीक्षण संपन्न किया। इस रॉकेट प्रक्षेपण का मुख्य उद्देश्य अमेरिका से आयातित ऑल्टीमीटर का परीक्षण था। डिवाइस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और लगभग 484 फीट (करीब 200 मीटर) की ऊँचाई दर्ज की। इसी स्तर पर पैराशूट भी सफलतापूर्वक खुला और पूरा रॉकेट सुरक्षित लौट आया। इस शैक्षणिक रॉकेट का कुल भार लगभग 9 किलोग्राम था, जिसे पोटैशियम नाइट्रेट और सुक्रोज आधारित ठोस प्रणोदक से संचालित किया गया। उड़ान में लगभग 1000 ग्राम प्रणोदक का उपयोग हुआ।
टीम ने स्पष्ट किया कि यह प्रोजेक्ट पूरी तरह शैक्षणिक उद्देश्य के लिए था और इसका किसी भी प्रकार से रक्षा तकनीक से कोई संबंध नहीं है। पूरे प्रक्षेपण के दौरान ISRO और IN-SPACe के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। इस सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि भारत के छात्र और शोधकर्ता भी शैक्षणिक स्तर पर रॉकेट प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष विज्ञान में वैश्विक मानकों की तकनीक का परीक्षण करने की क्षमता रखते हैं।
