ताप्ती सेवा समिति द्वारा "वीर जवान माता सम्मान" कार्यक्रम का आयोजन | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

ताप्ती सेवा समिति द्वारा "वीर जवान माता सम्मान" कार्यक्रम का आयोजन | New India Times

स्वतंत्रता दिवस पर ताप्ती सेवा समिति द्वारा “वीर जवान माता सम्मान कार्यक्रम” के तहत श्रीमती योगिता मनोज कानूनगो एवं श्रीमती लक्ष्मी गोविन्द परदेशी का एवं उन माताओं को सम्मानित किया गया जिनके सुपुत्र भारतीय सेना में मातृभूमि की रक्षा कर रहे हैं, या सेवानिवृत्त हो चुके हैं। समिति अध्यक्ष सरिता राजेश भगत ने कहा झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के बारे में हम सब जानते हैं। उनकी माता ने बचपन से ही रानी को देशप्रेम, साहस और स्वाभिमान का पाठ पढ़ाया। वीर माता जीजाबाई ने शिवाजी महाराज को बचपन से ही हिंदवी स्वराज्य का सपना और देशभक्ति का भाव दिया। वीर सपूतों की बहादुरी जितनी बड़ी होती है,उतना ही बड़ा उनकी माताओं का त्याग और साहस होता है। स्वतंत्रता दिवस पर जब हम वीर माताओं को सम्मानित करते हैं, तो हम भविष्य की पीढ़ी को यह संदेश देते हैं कि “देशभक्ति की जड़ें घर के आंगन में, मां के आंचल में पनपती हैं।”

समिति उपाध्यक्ष अता उल्लाह खान ने कहा: स्वतंत्रता दिवस पर वीर माताओं का सम्मान करना केवल उनका सम्मान नहीं, बल्कि उनके त्याग, संस्कार और प्रेरणा का सम्मान है, जिसने देश को स्वतंत्रता दिलाने वाले और देश की रक्षा करने वाले वीर सपूत पैदा किए। वरिष्ठ मार्गदर्शक मंसूर सेवक ने कहा एक वीर जवान मातृभूमि की रक्षा के लिए अपनी जान हथेली पर लेकर सीमा पर तैनात रहता है, तो वहीं एक वीर माँ अपने लाल को देश की सेवा के लिए विदा करते समय गर्व और भावुकता के अनूठे संगम से गुज़रती है। ऐसे मातृ-हृदय का साहस, धैर्य और त्याग शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। यह आयोजन अपने आप में अद्वितीय रहा।आज़ादी के बाद से अब तक किसी भी संस्था द्वारा वीर माताओं के त्याग को समर्पित इस तरह का भव्य और भावनापूर्ण सम्मान कार्यक्रम नहीं किया गया। ताप्ती सेवा समिति ने इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ते हुए इस आयोजन के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का अद्वितीय संदेश दिया।

कार्यक्रम के प्रोजेक्ट चेयरमैन एवं समिति के वरिष्ठ सदस्य श्री राजकुमार वछानी के मार्गदर्शन में यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समिति अध्यक्ष, पदाधिकारीगण एवं सदस्यों ने वीर माताओं को सम्मान पत्र और शॉल-श्रीफल भेंट कर राष्ट्र के प्रति उनके योगदान के प्रति गहरी कृतज्ञता प्रकट की। ताप्ती सेवा समिति, बुरहानपुर ने यह संकल्प लिया कि राष्ट्र की रक्षा में योगदान देने वाले हर वीर जवान और उनके परिवार के सम्मान की परंपरा को आगे भी निरंतर निभाया जाएगा। श्रीमती सरिता राजेश भगत, मंसुर भाई सेवक, धर्मेंद्र सोनी, आशीष भगत, अता उल्लाह खान, राजकुमार बछवानी एवं मोहल्ला वासी मौजूद थे।सचिव धर्मेन्द्र सोनी ने सभी का धन्यवाद व्यक्त किया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version