मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बुरहानपुर जिले में शिकारपुरा थाना अंतर्गत एक वर्ग विशेष के व्यक्ति द्वारा एक महिला की हत्या का मामला समाचार पत्र और सोशल मीडिया के माध्यम से देश प्रदेश के परिदृश्य पर छाया रहा। ज़िले के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के शामिल होने से घटित मामले को प्रदेश सरकार ने संवेदनशीलता और गंभीरता से लिया है। इस मामले पर मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने बुरहानपुर प्रवास के दौरान मृतक पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए दुख की इस घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। प्रभारी मंत्री श्री तुलसी सिलावट ने कहा कि घटना अत्यंत दुखद और निंदनीय है तथा दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरोपी के विरुद्ध ” नियमानुसार ” कठोर से कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाए, ताकि पीड़िता और उसके परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने परिजनों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार पूरी तरह उनके साथ खड़ी है और न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर ज़रूरी क़दम उठाएगी। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश दिए है। मुलाकात के दौरान सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल, बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू, भाजपा ज़िला अध्यक्ष डॉक्टर मनोज माने ,अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री हर्ष सिंह , एसपी श्री आशुतोष बागरी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
