मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

लालबाग मेन रोड स्थित नगर के प्रमुख पर्यटन व सार्वजनिक स्थल “मरिचिका गार्डन” का नाम बदलकर “ताप्ती गार्डन” रखने की माँग ताप्ती सेवा समिति द्वारा बुरहानपुर कलेक्टर द्वारा प्रति मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में ज्ञापन के माध्यम से की गई है। जिसमें जनभावनाओं का सम्मान करते हुए गार्डन का नाम बदलने की अपील की गई है।
जानकारी देते हुए समिति अध्यक्ष सरिता राजेश भगत ने कहा ताप्ती सेवा समिति की ओर से प्रस्तुत इस माँग का उद्देश्य है कि गार्डन का नाम ऐसा हो जो बच्चों, युवाओं और नागरिकों के मन में प्रेरणा, सांस्कृतिक चेतना तथा स्थानीय पहचान के भावों को प्रबल करे। समिति के अनुसार “मरिचिका” शब्द मृगतृष्णा और भ्रम का प्रतीक है, जो बाल मन के लिए प्रेरणादायक नहीं है।
इसके विपरीत “ताप्ती गार्डन” नाम स्थानीय आस्था की प्रतीक माँ ताप्ती के गौरव को दर्शाएगा, जिससे यह स्थल बच्चों के लिए न केवल आकर्षण का केंद्र बनेगा बल्कि सांस्कृतिक चेतना और नगर गौरव का स्रोत भी बनेगा। इस कार्यक्रम का संयोजन मुल्ला मंसूर भाई सेवक ने किया। संस्था के सदस्य मोहन दलाल ने बताया कि हिंदू धर्म शास्त्रों के अनुसार माँ ताप्ती का पौराणिक महत्व है। इस नाम पर गार्डन का नामकरण नगरवासियों के मन में श्रद्धा और जुड़ाव को और गहरा करेगा।
समिति ने प्रशासन से कहा है कि जनभावना को सम्मानपूर्वक स्वीकारते हुए “मरिचिका गार्डन” का नाम शीघ्र “ताप्ती गार्डन (उद्यान)” घोषित करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जावे। समिति सचिव धर्मेन्द्र सोनी ने ज्ञापन वाचन करते हुए अपनी बात रखी। इस अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती सरिता राजेश भगत, उपाध्यक्ष अता उल्लाह खान, महामंत्री आशा तिवारी, नंदकिशोर वाणे, मोहन दलाल, राजकुमार बछवानी, अभय बालापुरकर बसंत पाल, जैकी चड्ढा, श्री किशन चौहान,पराग चौकसे,क्रिश चौकसे आदि मौजूद थे।
