बुलढाणा-ब्यूरो, बुलढाणा (महाराष्ट्र), NIT;
चोरी के एक मामले की जांच के लिए मराठवाडा के गेवराई गई बुलढाणा एलसीबी की टीम के सरकारी वाहन का बीती रात 11 बजे के दौरान एक गन्ने की बैल गाडी से टक्कर हो जाने के कारण वाहन में सवार 7 पुलिस कर्मी ज़ख़्मी हो गए, जिनमें पीएसआई इमरान इनामदार को गंभीर रूप से ज़ख़्मी बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुलढाणा एलसीबी के दल में शामिल पीएसआई इमरान इनामदार, कांस्टेबल प्रकाश राठोड, अताउल्लाह खान, राजू ठाकुर, चालक शेलके सहित 2 महिला कांस्टेबल चिखली थाने में दाखिल एक चोरी के मामले की जांच के सिलसिले में बीड जिले के गेवराई को सरकारी टवेरा कार से गए थे। 30 दिसम्बर को रात में 11 बजे के समय वापस बुलढाणा की दिशा में आते समय शाहगढ़ के शकर कारखाने के पास मार्ग पर रात के कोहरे में टवेरा चालक को गन्ने ले जा रही बैल गाडी नज़र नही आई और कार बैल गाडी को पीछे से टकरा गई जिससे सामने बैठे पीएसआई इनामदार की आंखों में कांच के टुकड़े चले गए, जबकि अन्य कर्मी भी ज़ख़्मी हो गए। घटना स्थल जालना से करीब 60 किलोमीटर बताया जा रहा है। तत्काल सभी जख्मियों को जालना के अलग अलग अस्पतालों में उपचार के लिए दाखिल किया गया है। गंभीर ज़ख़्मी इनामदार का फिल्हाल जालना के गणपति नेत्र अस्पताल में उपचार चल रहा है जबकि कुछ जख्मियों को प्राथमिक उपचार कर उन्हें घर भेज दिया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बुलढाणा व जालना पुलिस दल के अधिकारी व कर्मी अस्पताल पहुंचे और जख्मियों को ज़रूरी मदद मुहैया कराई।
