अबरार अहमद खान/मुकीज खान, भोपाल (मप्र), NIT:
भोपाल के डीआईजी बंगला चौराहे पर स्थित शराब की दुकान को हटाने के लिए व्यापारी संघ बैनर तले महिलाओं एवं स्थानीय लोगों ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस शराब की दुकान की वजह से स्कूल एवं कोचिंग आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को आए दिन असामाजिक तत्वों की हरकतों का सामना करना पड़ता है। लोग शराब पीकर सड़कों पर हंगामा करते हैं और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं, जिससे आम जनता, खास कर महिलाओं एवं बच्चों को असुविधा होती है।
स्थानीय लोगों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं प्रशासन से अपील की है कि इस शराब की दुकान को जल्द से जल्द किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि रहवासियों को राहत मिल सके और क्षेत्र में शांति बनी रहे। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मुद्दे पर क्या कदम उठाता है और जनता की मांग को कितना गंभीरता से लेता है।
