रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

झाबुआ अनास नेगडी के संगम तट पर स्थित श्री दूधेश्वर महादेव मंदिर पर शिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रातः शुभ मुहूर्त में समाजसेवी बृजेंद्र चुन्नू शर्मा परिवार द्वारा मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान से पूजन, अर्चन एवं महाभिषेक किया गया। प्रातः शुभ मुहूर्त में हवन का कार्यक्रम भी संपन्न हुआ। दोपहर में श्री गणेश महिला मंडल द्वारा शानदार भजनों की प्रस्तुति दी भक्ति का कार्यक्रम 3 – 4 घंटे चला जिसमें उपस्थित श्रद्धालु भी भक्ति में सरोबार हुए।
भोलेनाथ का हुआ महाभिषेक
मंदिर समिति के पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि शिवरात्रि के प्रसंग पर दिनभर यहां बड़ी संख्या में दर्शन पूजन को पधारे श्रद्धालुओं द्वारा 1500 किलो से अधिक दूध से दूधेश्वर महादेव का अभिषेक किया गया।
15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं का हुआ आगमन
समिति के कमलेश मचार, रवि वर्मा ने बताया कि, प्रातः 6 बजे से ही भोलेनाथ के दरबार में भक्तों का आगमन प्रारंभ हो गया, और मंदिर प्रांगण के गेट से विधिवत लाइन में खड़े होकर सांय तक लगभग 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का दर्शन पूजन किया।

प्रशासन रहा मुस्तैद
मंदिर से 1 किमी पहले ही वाहनों को रोककर, वहां से श्रद्धालुओं को पैदल मंदिर तक भेजा गया। प्रशासन की इस सुंदर व्यवस्था से किसी प्रकार की कोई अव्यवस्था नहीं हुई, तो वही पुलिस प्रशासन, राजस्व विभाग ने भी मुस्तैदी से व्यवस्था सम्भाल कर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।
क्षेत्र की कई हस्तियों ने लिया दर्शन लाभ
पद्मश्री पुरुस्कार से सम्मानित समाजसेवक महेश शर्मा, झाबुआ विधायक डॉ विक्रांत भूरिया, पूर्व विधायक पेटलावद वालसिंह मेडा, झाबुआ एसडीएम, तहसीलदार, मेघनगर एसडीएम श्रीमती रितिका पाटीदार, तहसीलदार श्रीमती ममता मिमरोट, मेघनगर भाजपा मंडल अध्यक्ष सचिन प्रजापत, मेघनगर नगर परिषद अध्यक्ष कमलेश मचार, सहित जिले के कई हस्तियों ने अधिकारी कर्मचारियों ने दर्शन लाभ लिया।

समिति एवं शर्मा परिवार ने जताया आभार
शिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्री दूधेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने वाले और प्रसादी का लाभ लेने वाले भोलेभक्तो के प्रति समाजसेवी सुशील शर्मा, बृजेंद्र चुन्नू शर्मा, शोभित शर्मा, समिति के महेश उपाध्याय, पुरुषोत्तम शर्मा, रवि वर्मा, जितेंद्र पटेल, पंकज बडोला, रजत कावडिया, कमलेश मचार, दिविक कावड़िया, बहादुर नायक, आदि ने आभार व्यक्त किया ।

