पवन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

मुरार के काशीपुरा में फरियादी के घर पर मारे पत्थर, जान से मारने की धमकी दी। मुरार थाना अंतर्गत काशीपुरा में कुछ दोस्तों के बीच बातचीत हो रही थी। इस दौरान आपसी मजाक का दौर शुरू हुआ, जिसे सहन न करने पर विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ा कि उसमें आरोपियों ने गोली चला दी। हवाई फायरिंग करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। मुरार थाने में 4 जनवरी को यह एफआईआर काशीपुरा लोढ़ी माता के पास निवासी 22 वर्षीय सौरभ गुर्जर ने दर्ज कराई है। जिसमें उसने बताया कि शनिवार को रात करीब 10 बजे आरोपी सचिनगुर्जर, अंकित गुर्जर और राज गुर्जर ने उसके घर के गेट पर ईंट-पत्थर फेंके। जिसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए कट्टे से फायर किए।
मुरार थाना प्रभारी मदन मोहन मालवीय ने बताया कि आरोपी और फरियादी दोस्त हैं। जिनके बीच किसी बात को लेकर मजाक चल रहा था। मजाक सहन न होने पर विवाद हुआ, जिसके बाद फायरिंग की गई। अभी मामले की जांच के साथ ही आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों की तलाश में दूसरा कट्टाधारी पकड़ा गया काशीपुरा में फायरिंग करने वालों की तलाश मुरार पुलिस कर रही थी। जिसके लिए चैक पॉइंट लगाए गए थे, लेकिन यहां पर कोई अन्य कट्टाधारी बदमाश पुलिस की गिरफ्त में आ गया। नया संतर मुरार में शनिवार-रविवार की आधी रात को पुलिस ने कृष्णापुरी मुरार निवासी 18 वर्षीय अभिषेक श्रीवास्तव को पकड़ा। जिसके पास से 315 बोर का देशी कट्टा और जिंदा कारतूस जब्त किया गया है। अब पुलिस इस कट्टे की जानकारी जुटा रही है।
