निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

इटवा विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत बिस्कोहर में चल रहे नाली निर्माण कार्य का नेता प्रतिपक्ष और इटवा विधायक माता प्रसाद पांडेय ने निरीक्षण किया। निकासी व्यवस्था की कमी पर नाराजगी जताई।
अधिकारी को निर्देश दिए
मजदूरों से निर्माण कार्य के बारे में जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि नाली निर्माण से पहले पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था बनानी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिशासी अधिकारी (ईओ) को फोन पर फटकार लगाते हुए पूछा, “नाली का पानी कहां जाएगा?” साथ ही निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण हो, ताकि नाली लंबे समय तक टिकाऊ रह सके।
प्राथमिकता पर हो निर्माण कार्य
माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि जहां सबसे अधिक आवश्यकता है, वहां पहले निर्माण कार्य कराया जाना चाहिए। उन्होंने ईओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क और नाली निर्माण जैसे कार्यों के लिए प्राथमिकता तय कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए। विधायक ने कहा कि उनके प्रयासों से इटवा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति दी जा रही है।
सरकार पर साधा निशाना
निरीक्षण के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गलत नीतियों के कारण आम जनता, किसान, बेरोजगार युवा, और व्यापारी सभी परेशान हैं। उन्होंने इन समस्याओं को जनता के साथ अन्याय बताया। निरीक्षण के समय सपा के जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह, एजाज शाह, संदीप यादव, पप्पू पांडेय, राजकुमार मिश्रा समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।
