कासिम खलील, बुलढाणा (महाराष्ट्र), NIT;
बुलढाणा ज़िले के उत्तरी छोर से बहने वाली पूर्णा नदी के पुल पर बस और कंटेनर की भिड़ंत होने के कारण कंटेनर नीचे नदी में जा गिरा जिससे चालक की मौत हो गई। यह घटना आज गुरुवार दोपहर लगभग 1 बजे घटी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नांदुरा- जलगांव जामोद शहर को जोड़ने वाले मार्ग पर स्थित ग्राम येरलि के पास से पूर्णा नदी बहती है जहाँ पर ब्रिटिशकालीन पुल बना हुआ है जिससे एक समय में दो बड़े वाहनों का गुज़रना मुश्किल है।
आज जलगांव जा. से बुलढाणा की दिशा में आ रही बस क्र.MH 07 C 9270 जब पुल पार कररही थी तभी सामने से सीमेंट से लदा कंटेनर क्र.MH 40 Y 8509 के चालक ने भी अपना वाहन पुल पर डाल दिया। पुल संकरा होने के कारण दोनों वाहनों में भिड़ंत हो गई और कंटेनर बेकाबू हो कर पुल से नीचे नदी में जा गिरा। नदी में थोडा पानी भी मौजुद था। इस हादसे में यात्रियों से भरी बस का कुछ भाग पुल पर लटक गया जिसके कारण बस नदी में गिरने से बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। इस दुर्घटना में कनेटनर चालक का शव नदी से निकाल लिया गया है।
नए पुल का निर्माण वर्षों से है लटका
पूर्ण नदी का यह पुल ब्रिटिश काल का है, जिसे तोड़कर नए पुल के निर्माण का पत्र इंग्लैंड शासन ने कुछ वर्ष पहले भेजा था। तत्पश्चात इस जूने पुल के बाजू में विशाल नए पुल का निर्माणकार्य आरंभ हुआ, किंतु विगत कई सालों से यह काम अधूरा ही पड़ा हुआ है। इस काम को तत्काल पूर्ण किये जाने की मांग अब ज़ोर पकड़ने लगी है।
