मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

शनिवार को समस्त तहसीलों के सभी बूथों पर विशेष दिवस का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला मजिस्ट्रेट धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस अधीक्षक राजेश एस एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार पाण्डेय एवं उप जिलाधिकारी पुवायां के साथ संयुक्त रूपसे सुनासीर नाथ इंटर कॉलेज बण्डा के बूथों का स्थलीय निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बूथ पर मौजूद बीएलओ से अब तक भरे गए फार्म 6,7,8 तथा डोर टू डोर सर्वे की स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 1 जनवरी 2025 को जो भी युवाक,युवतियां 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं उनका नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए, इसके साथ ही जो लोग मृतक हो गए हैं या बाहर रह रहे हैं उनका नाम मतदाता सूची से हटाया जाए। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित करते हुए कहा कि मतदाता पुनरीक्षण विशेष अभियान दिवस पर सभी बूथ खुले रहने चाहिए और मतदाता पुनरीक्षण कार्य को निष्पक्ष एवं सुचारू ढंग से संपन्न कराया जाए, जिससे 18 वर्ष या उससे ऊपर के कोई भी मतदाता का नाम सूची में छूटने ना पाए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी पुवायां सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।
