सादिक़ शेख, गिर सोमनाथ (गुजरात), NIT:

गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में सोमनाथ मंदिर के पास शनिवार को जमकर बुल्डोज़र ऐक्शन हुआ। यहां की सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए गए अभियान के दौरान धार्मिक ढांचा ढहाया गया और 135 लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रशासन ने अतिक्रमणरोधी अभियान के तहत करी 60 करोड़ रुपए से ज्यादा की सरकारी जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त करवाया। बुलडोजर ऐक्शन के दौरान मौके पर भारी पुलिसबल भी तैनात रहा।
घटना की जानकारी देते हुए जिला प्रशासन ने एक बयान में कहा कि सोमनाथ मंदिर स्थल, वेरावल के प्रभास पाटन में सरकारी भूमि पर अवैध संरचनाओं को हटाने के लिए चलाए गए अभियान के लिए सैकड़ों पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। प्रशासन ने कहा कि शनिवार सुबह शुरू हुए अभियान के दौरान धार्मिक संरचनाओं और पक्के घरों को जमींदोज कर दिया गया और 60 करोड़ रुपये मूल्य की लगभग 15 हेक्टेयर सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया।प्रशासन की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, सोमनाथ मंदिर के पास अतिक्रमणरोधी अभियान में 52 ट्रैक्टरों, 58 बुलडोजरों, दो हाइड्रा क्रेनों, पांच ट्रक, दो एम्बुलेंस और तीन दमकल गाड़ियों को शामिल किया गया। वरिष्ठ पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ 788 पुलिस कर्मियों और राज्य रिजर्व पुलिस बल (SRPF) के जवानों को तैनात किया गया था। पुलिसबल की भारी तैनाती के बीच 52 बुलडोजरों से काम शुरू किया गया और जल्दी ही अवैध कब्जों को पूरी तरह से तोड़कर हटा दिया गया। इस दौरान करोड़ों की सरकारी जमीन पर बने अवैध घरों को भी तोड़ दिया गया
इस दौरान अतिक्रमणरोधी अभियान स्थल पर तीन पुलिस अधीक्षक, चार पुलिस उपाधीक्षक, 12 निरीक्षक, 24 उपनिरीक्षक, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, उप-मंडल मजिस्ट्रेट और कार्यपालक मजिस्ट्रेट उपस्थित थे।
