अबरार अहमद खान/मुकीज खान, भोपाल (मप्र), NIT:

बरसात के बाद भोपाल में बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा। सभी एसडीएम को अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर अतिक्रमण का चिन्हांकन करने और अगले 7 दिनों में विस्तृत योजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर श्री कौशलेंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में हुई समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित मामलों और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अधिकतम मामलों का समय पर समाधान सुनिश्चित करें। खासतौर पर 50 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए, अगले दो दिनों में राजस्व अधिकारी इनका निपटारा करने पर विशेष ध्यान देंगे। इसके साथ उन्होंने राजस्व अभियान में प्राप्त प्रगति को जारी रखने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने कहा कि बरसात के बाद भोपाल जिले में बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा। सभी एसडीएम को अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर अतिक्रमण का चिन्हांकन करने और अगले 7 दिनों में विस्तृत योजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। इस अभियान का उद्देश्य भोपाल को अतिक्रमण मुक्त और सुव्यवस्थित बनाना है।
