अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा-वृंदावन में श्रद्धालुओं-पर्यटकों से जुड़ी सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि पूरे ब्रजमण्डल में कोई स्थानीय निवासी हो अथवा पर्यटक व श्रद्धालु, हर किसी की सुरक्षा सरकार की ज़िम्मेदारी है। हर किसी की आस्था का पूरा सम्मान होना चाहिए, इसे प्रत्येक दशा में सुनिश्चित किया जाए। परिक्रमा मार्गों एवं हाईवे पर सुरक्षा बढ़ाई जाए। बाइक एवं पीआरवी की गश्त बढ़ाई जाए।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर दो दिवसीय मथुरा दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने सोमवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में श्रद्धालुओं व अन्य पर्यटकों की सुरक्षा पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने पूरे नगर निगम क्षेत्र को यथाशीघ्र ‘सेफ सिटी’ के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
ब्रज क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे ब्रज क्षेत्र कहीं भी टूटी हुई अथवा गड्ढे वाली सड़कें न हों। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने स्वच्छता के लिए मोहल्ला समितियों जैसी जनसहभागिता को उपयोगी बताया, साथ ही मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में स्वच्छता के लिए अतिरिक्त मैनपॉवर की तैनाती तथा कूड़ा प्रबन्धन के लिए प्रयागराज कुंभ की तर्ज पर बेहतर प्रयासों करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, बेसिक शिक्षा मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) संदीप सिंह, राज्य सभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक मथुरा श्रीकांत शर्मा, विधायक मांट राजेश चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह सहित सहित पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही।
