वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

शारदानगर पुलिस को वाहन चेकिंग के दौरान मंगलवार को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा के तिकुनिया से रोहतक जा रही निजी डबल डेकर बस की डिग्गी से 482 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब दस लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने बस को सीज कर चालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
जिले के भारत-नेपाल सीमा के कस्बा तिकुनियां, गौरीफंटा, बिछिया आदि स्थानों से कई डबल डेकर बसें डग्गामारी कर महानगरों के साथ ही दूसरे राज्यों को आती-जाती हैं। मंगलवार को शारदा नगर पुलिस सीओ सिटी रमेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में शारदा नगर बैराज पर चेकिंग अभियान चला रही थी।
शारदानगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तिकुनियां से रोहतक (हरियाणा) जा रही प्राइवेट डबल डेकर बस को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चालक की सीट के पीछे टूल बॉक्स से काली पन्नी के बंडल के अंदर दो पन्नियों से 482 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त किया गया।
क्या बोले थानाध्यक्ष शारदानगर
इस बाबत में जब थानाध्यक्ष शारदानगर बृजेश कुमार मौर्य से उक्त मामले में जानकारी चाही गई तो उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर तिकुनिया से हरियाणा जा रही प्राइवेट डबल डेकर बस से ब्राउन शुगर बरामद कर चालक समेत तीन आरोपित को गिरफ्तार किया एनडीपीएस एक्ट के तहत तीनों नशा तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
