फैज़ान खान, गुरुग्राम/नई दिल्ली, NIT:

वीरवार को सोशल मीडिया पर अचानक वायरल हुई कुछ तस्वीरों ने दलित राजनीति में खासी उथल-पुथल मचा दी। यह तस्वीर भीम सेना के प्रमुख नवाब सतपाल तंवर और फिल्म अभिनेता व कांग्रेस के दिग्गज नेता राज बब्बर की है। वर्ष 2010 से भीम सेना नाम से सामाजिक संगठन चला रहे सतपाल तंवर की पहचान एक आक्रामक दलित नेता के रूप में जानी जाती है। अपने इस आक्रामक रुख के कारण तंवर को कई बार हरियाणा, राजस्थान और भारत के सबसे बड़ी जेल तिहाड़ भी जाना पड़ा है। पिछले कई दिनों से तंवर के नई राजनीतिक पार्टी बनाने के कयास भी लगाए जा रहे हैं।
उधर भीम सेना के संस्थापक नवाब सतपाल तंवर के साथ गुरुग्राम लोकसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी और फिल्म अभिनेता राज बब्बर की तस्वीरों ने देश की सियासत में भूचाल ला दिया। दलित राजनीति में अच्छा खासा रसूख रखने वाले नवाब सतपाल तंवर गुरुग्राम के ही रहने वाले हैं और राज बब्बर इसी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी भी हैं। दोनों दिग्गज नेताओं की इस मुलाकात ने देश की सियासी गर्मी बढ़ा दी है। अचानक इस राजनीतिक उथल-पुथल से कई समीकरण गड़बड़ा सकते हैं।
संभावना जताई जा रही है कि सतपाल तंवर बहुत जल्द कांग्रेस नेतृत्व राहुल गांधी या प्रियंका गांधी के साथ भी नज़र आ सकते हैं। सतपाल तंवर के नई राजनीतिक पार्टी बनाने से पहले कांग्रेस के साथ नजदीकियों ने भविष्य का आइना साफ कर दिया है। वहीं भाजपा के प्रत्याशी राव इंद्रजीत के लिए भी गुरुग्राम लोकसभा सीट को जीत पाना संभव नहीं होगा। सूत्र बताते हैं कि भीम सेना चीफ नवाब सतपाल तंवर अब तक बहन कुमारी मायावती और उनकी बहुजन समाज पार्टी को समर्थन करते थे लेकिन बहन मायावती की बेरुखी एक ओर बड़े दलित नेता को उभरने पर विवश कर रही है।
