संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:
मध्यप्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण और भाजपा का गढ़ कहीं जाने वाली खजुराहो लोकसभा में इंडिया गठबंधन समर्थित सपा प्रत्याशी मीरा दीप नारायण यादव का नामांकन पत्र निरस्त होने से इंडिया गठबंधन में हड़कंप मच गया है। दीपनारायण यादव ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर सुरेश कुमार पर पक्षपात के आरोप लगाए हैं। बताया गया है कि 2 कमियां निकाल कर फॉर्म निरस्त किया गया है जिनमें पहली कमी वोटर लिस्ट की सर्टिफाइड कॉपी पुरानी है। वोटर लिस्ट में जहां 2 जगह हस्ताक्षर होने थे वहां केवल 1 जगह हस्ताक्षर हैं।
दीपनारायण यादव ने बताया कि इसके लिए 4 अप्रैल को जानकारी देनी चाहिए लेकिन नहीं दी गई 5 अप्रैल को भी 3 बजे तक का समय था लेकिन कोई भी जानकारी देने या मौका देने के बजाय सीधे फॉर्म निरस्त करने की बात कह दी गई और अभी तक कोई लिखित जानकारी नहीं दी गई। इसके अलावा दीप नारायण यादव ने दावा किया है कि फॉर्म चाहे निरस्त हो जाए लेकिन वह चुनाव लड़ेंगे अभी 15 फॉर्म और पड़े हैं किसी न किसी प्रत्याशी को वह समर्थन देकर सबके साथ बैठकर उसे जिताने का प्रयास करेंगे।
