अबरार अहमद/ उमर अली; भोपाल, NIT;
सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव में दोनों प्रमुख दल कांग्रेस एवं भाजपा के बीच कांटे की टक्कर है। सरकार के आधा दर्जन मंत्री, दो दर्जन विधायक एवं प्रदेश कार्यसमिति के चुनाव मैदान में उतरने के बाद भी भाजपा प्रत्याशी पर हार का खतरा बना हुआ है। ऐसे में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांगने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में डेरा डालने जा रहे हैं। वे तीन दिन तक 64 बड़े गांव एवं कस्बों में रोडशो एवं सभा कर पार्टी के पक्ष माहौल बनाने का काम करेंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बीरसिंपुर विकासखंड के मेहुती गांव से चुनावी प्रचार की शुरूआत कर आज रविवार को 17 गांवों में जाएंगे। रात्रि विश्राम मझगवां विकासखंड के तुर्रा गांव में करेंगे। 6 नवंबर को 21 गांवों में वोट मांगेंगे। रात्रि विश्राम वीरसिंहपुर विकासखंड के सरभगा गांव में करेंगे। चुनाव प्राचर के आखिरी दिन 7 नवंबर को शिवराज 26 गांवों में रोड शो एवं सभाएं करेंगे। वे 3 दिन तक डेरा डालने के बाद भोपाल लौटेंगे। मुख्यमंत्री के गांव-गांव दौरे करने से इस बात के संकेत हैं कि भाजपा प्रत्याशी की हालत खराब है। प्रदेश भाजपा के पुरजोर कोशिश के बाद भी हार का खतरा टला नहीं है। ऐसे में भाजपा एक बार फिर जीत के लिए शिवराज के भरोसे है।
