मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

महाराष्ट्र के 1980 में प्रथम मुस्लिम मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे बैरिस्टर मरहूम अब्दुल रहमान अंतुले की शरीक ए हयात (धर्मपत्नी) और अंजुमन ए इस्लाम मुंबई वाइस चेयरमैन एवं पूर्व एमएलसी मुश्ताक अंतुले की सासु जी एवं सगी चची नरगिस अंतुले (78) का गुरुवार की दरमियानी रात इंतक़ाल हो गया। मरहूमा एक लेखिका होने के साथ-साथ एक नेक महिला थीं। उन्होंने दक्षिण मुंबई में मंत्रालय के समीप उनकी रिहाईश पर आख़री सांस ली। उनके पार्थिव शरीर को मुंबई से कोंकण क्षेत्र के अंबेट ले जाया गया। उनके इंतकाल की खबर से मुंबई, पड़घा और भिवंडी में शोक की लहर छा गई। इन इलाकों के समस्त परिवार बंधु, निकट रिश्तेदार मरहूम एआर अंतुले की पैतृक गांव कोकण इलाके के अंबेट के लिए रवाना हुए, जहां जोहर की नमाज़ के बाद उन्हें सुपुर्द ए खाक किया गया। महाराष्ट्र का भिवंडी शहर मरहूमा नर्गिस अंतुले का मायका था। वह भिवंडी की मशहूर शख्सियत सिकंदर फकीहा की सुपुत्री थी। अंजुमन इस्लाम के सदर डॉक्टर ज़हीर क़ाज़ी, खतीब ए कोकन अली एम शम्सी सहित अनेक लोगों और समाज जनों ने इस निधन पर अपना शोक व्यक्त किया है। 1 साल पूर्व अब्दुल रहमान अंतुले के एक बेटे का भी निधन हो गया था। मरहूमा लेखिका नरगिस अंतुले ने अपने स्वर्गीय पति अब्दुल रहमान अंतुले और उनके मध्य हुए पत्राचार को एक पुस्तक का रूप दिया था, जिसका विमोचन अंजुमन ए इस्लाम में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं शिवसेना के तत्कालीन सुप्रीमो उद्घव ठाकरे के हाथों संपन्न हुआ था। अल्लाह करीम मरहूमा को जन्नतुल फिरदौस में आला से आला मक़ाम अता फरमाए। आमीन सुम्मा आमीन।
