मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बोहरा समाज का पवित्र रमज़ान 10 मार्च 2024 से प्रारंभ हो रहा है। उक्त जानकारी देते हुए समाज के प्रवक्ता मुल्ला तफज्जुल हुसैन मुलायम वाला ने बताया कि इस्लाम धर्म की मान्यताओं के अनुसार यह पवित्र महीना आध्यात्मिक और इबादत का होने के साथ-साथ देश की मिली जुली सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक अनुष्ठानों के लिए एक महत्वपूर्ण एवं अद्वितीय है। रमजान में फजर (सूर्यउदय) से लेकर मगरिब (सूर्यास्त) तक अल्लाह (ईश्वर) के प्रति समर्पित भाव से एवं आत्मा की शुद्धि के लिए एक महीने का रोज़ा (उपवास) रखा जाता है। पवित्र धार्मिक ग्रंथ कुराने पाक की तिलावत की जाती है। 5 टाइम की नमाज पाबंदी से पढ़ी जाती है। मुलायम वाला ने कहा कि वास्तव में रमजान का महीना इबादत के साथ-साथ आत्मनिरीक्षण का महीना है, जो चारित्रिक निर्माण के लिए प्रेरित करता है। इसी तरह मुस्लिम समाज का रोज 11 या 12 मार्च से प्रारंभ हो रहा है। देश के अन्य त्योहार भी अपनी संस्कृति और परंपरा के अनुसार इस महीने में आने वाले हैं। इस माह में विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के लोकसभा चुनाव की घोषणा होकर आगामी दिनों में लोकसभा चुनाव भी संपन्न होना है। आइए हम मिलकर परण करें कि रमजान और अन्य त्योहारों के साथ-साथ हम अपने देश की उच्च परंपरा को स्थापित करने के साथ देश को तरक्की और खुशहाली के रास्ते पर ले जाएंगे।
