फराज अंसारी, बहराइच ( यूपी ), NIT;
निकाय चुनाव को स्वतन्त्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से शुक्रवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला अधिकारी अजय दीप सिंह व पुलिस अधीक्षक जुगल किशोर ने प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों, आरओ, एआरओ तथा प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक कर निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ चुनाव आचार संहिता प्रभावी हो गया है। सभी होर्डिंग्स, बैनर, कटाउट व अन्य प्रचार सामग्री के तत्काल हटवाना सुनिश्चित करें।
बैठक में शस्त्र जमा करने की स्थिति, निरोधात्मक कार्यवाही, अवैध शराब पर प्रभावी कार्यवाही, धारा-144 का कड़ाई से अनुपालन, मतदान केन्द्रों की संवेदनशीलता, मतदान केन्द्रों पर पुलिस बल की तैनाती, नामांकन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था आदि की गहन समीक्षा करते हुए विचार विमर्श किया गया। बैठक के दौरान चुनाव तिथियों व आचार संहिता की जानकारी दी गयी।
जिलाधिकारी अजय दीप सिंह ने निर्देश दिया कि बिना अनुमति के कोई अधिकारी, कर्मचारी मुख्यालय से बाहर नहीं जायेगा। निकाय चुनाव के कार्यों को प्राथमिकता के साथ सम्पादित करायें। सभी प्रभारी अधिकारी अपने से सम्बन्धित सभी तैयारियां तत्काल शुरू कर दें ताकि समय से चुनाव सम्बन्धी सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर जनपद में निकाय चुनाव स्वतन्त्र, निष्पक्ष व शान्तिपूर्णढंग से सकुशल सम्पन्न कराया जा सके। उन्होने कहा कि सभी अधिकारी कर्मचारी निष्पक्ष होकर आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन करेंगे।
इस अवसर पर अपर जिला अधिकारी संतोष कुमार राय, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अजय प्रताप, ग्रामीण रवीन्द्र कुमार सिंह, नगर मजिस्टेªट प्रमिल कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर एसपी शुक्ल, महसी नागेन्द्र कुमार, कैसरगंज पंकज कुमार, पयागपुर गुलाम सरवर, पुलिस क्षेत्राधिकारी, प्रभारी अधिकारी, आरओ, एआरओ, थानाध्यक्ष व अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
