अविनाश द्विवेदी, भिंड ( मप्र ), NIT;
शहर के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक एक व दो के प्रांगण में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन आगामी 12 नवम्बर से होने जा रहा है। कथा की व्यवस्थाओं एवं प्रचार प्रसार को संचालित करने के लिए पवैया धर्मशाला में कथा कार्यालय का उद्घाटन किया गया है। कथा का वाचन राष्ट्रीय संत कमल किशोर जी करेंगे।
कार्यालय का उद्घाटन दंदरौआ धाम के महंत श्रीश्री 1008 महामण्डलेश्वर रामदास महाराज ने फीता काटकर किया। इस मौके पर पं राधेश्याम शास्त्री, सत्यनारायण शास्त्री, कुलदीप शास्त्री, भूरेलाल शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।
उद्घाटन अवसर पर रामदास महाराज ने कहा कि भिण्डी ऋषि की तपोभूमि पर कमलकिशोर नागर जी का आगमन सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से लोगों की धर्म के प्रति निष्ठा बढ़ती है। साथ ही परमपिता परमात्मा की कृपा उन स्थानों एवं क्षेत्रों में बनी रहती है, जहां इस प्रकार के धार्मिक आयोजन होते रहते हैं। उन्होंने लोगों से कथा का श्रवण कर धर्मलाभ लेने का आह्वान भी किया। कथा के आयोजक कमल शर्मा ने कथा के आयोजन की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन गणेश भारद्वाज ने किया। उद्घाटन अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, महिला एवं पुरुष मौजूद थे।
