आशा रेकवार, भोपाल, NIT;
मध्यप्रदेश विधान सभा का बारह दिवसीय शीतकालीन सत्र सोमवार, 27 नवंबर से आरंभ होकर शुक्रवार, 8 दिसंबर 2017 तक चलेगा। राज्यपाल द्वारा तदाशय की अधिसूचना सोमवार 23 अक्टूबर को जारी की गई है।
विधान सभा के प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह के अनुसार बारह दिवसीय सत्र में सदन की कुल 10 बैठकें होंगीं जिनमें शासकीय विधि-विषयक एवं वित्तीय कार्य संपादित किये जाएंगे। इस सत्र हेतु विधान सभा सचिवालय में अशासकीय विधेयकों की सूचनाएं 8 नवम्बर तक तथा अशासकीय संकल्पों की सूचनाएं 16 नवम्बर, 2017 तक प्राप्त की जायेंगी, जबकि स्थगन प्रस्ताव, ध्यान आकर्षण तथा नियम 267-क के अधीन सूचनाएं विधान सभा सचिवालय में दिनांक 22 नवम्बर 2017 से कार्यालीन समय में प्राप्त की जाएंगी। उल्लेखनीय है कि चतुर्दश विधान सभा का यह पंचदश सत्र होगा।
