अशफ़ाक़ क़ायमखानी, ब्यूरो चीफ, जयपुर (राजस्थान), NIT:

डीडवाना जिले के मकराना थाना में तैनात एएसआई यासीन खां की सोमवार को ड्यूटी के दौरान ह्रदय गति रुकने से मौत हो गई। जानकारी अनुसार खुनखुना निवासी यासीन खां मकराना थाना में तैनात थे। हाल ही उनका ट्रांसफर मकराना थाना में हुआ था। सोमवार को श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर आयोजित शोभायात्रा के तहत जयशिव चौक में उनकी ड्यूटी लगाई गई थी। सुबह से ही वे ड्यूटी पर तैनात थे। शाम करीब 4:30 बजे उनकी तबियत खराब हुई। शोभायात्रा के बाद वे रेलवे स्टेशन स्थित चौकी में चले गए। जहां उनकी तबियत ओर अधिक खराब हो गई। जिसके बाद पुलिस कर्मियों ने उन्हें शहर के राजकीय उप जिला चिकित्सालय मकराना पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस दौरान मकराना थाना में तैनात साथी पुलिस कर्मी भी हॉस्पिटल पहुंच गए। वहीं सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबतसर धर्मवीर सिंह जानू भी पहुंच गए। उन्होंने बताया कि सुबह से ही उनकी कुछ तबीयत खराब थी, लेकिन वे ड्यूटी पर तैनात थे और शोभा यात्रा के दौरान ड्यूटी कर रहे थे जहां उनकी तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद साथी पुलिस कर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने काफी प्रयास किया, लेकिन बचा नहीं पाए। परिजन के आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। थानाधिकारी राजेंद्र सिंह कमांडो ने बताया कि एएसआई यासीन खां की शाम को उन्हें हार्टअटैक आया। जिस पर पुलिस ने तुरंत उन्हें हॉस्पिटल पहुंचा दिया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें सीपीआर व उपचार दिया। लेकिन उनको बचाया नहीं जा सका। उन्होंने बताया कि उनके परिजनों को सूचना दे गई है।
