वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

शासन की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के दृष्टिगत सीएमओ खीरी डॉ संतोष गुप्ता ने रविवार को तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान अनुपस्थित मिले कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस ज़ारी किया गया है। वहीं अन्य व्यवस्थाओं के दृष्टिगत भी निर्देश जारी किए गए हैं। निरीक्षण के क्रम में सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने बताया कि रविवार को पीएचसी ढखेरवा, पीएचसी लखाही और पीएचसी कफारा का निरीक्षण किया गया है। इस दौरान पीएचसी ढखेरवा नानकार में तैनात फार्मासिस्ट रमेश चंद्र वर्मा अनुपस्थित पाए गए। जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसी के साथ हाल ही में यहां पर हेल्थ एटीएम लगाया गया है और इसे शुरू करने के लिए जल्द ही एलटी को प्रशिक्षित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। नवनिर्मित छह बिस्तरों वाला वार्ड एवं एचडब्ल्यूसी जल्द सेवा देने को तैयार है। जल्द ही इसे डिलीवरी प्वाइंट के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके बाद वह सीएचसी लखाही पहुंचे, जहां संबंधित अधिकारियों के साथ मुख्य सड़क से पीएचसी तक सीधे पहुंच मार्ग की संभावनाओं को देखा। कर्मचारी आवास के नवीनीकरण की आवश्यकता दिखी। एचडब्ल्यूसी की बाहरी दीवार की पेंटिंग और ब्रांडिंग को जल्द करने के निर्देश दिए। इसके बाद वह सीएचसी कफारा पहुंचे यहां पर फार्मासिस्ट आर एन दास अनुपस्थित मिले। संबंधित अधिकारी को शीघ्र ही पीएचसी को डिलीवरी प्वाइंट के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। सभी जगहों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला संचालित मिला। आने वाले मरीजों को दवाएं वितरित की जा रही थीं।
