सलमान चिश्ती, रायबरेली ( यूपी ), NIT;
रायबरेली जिला के सलोन पुलिस ने गोदाम से लाखों रुपये की मोटर साइकिल पार्ट्स चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। पकड़े गए दो अभियुक्तो के पास से चोरी का माल बरामद हुआ है, जबकि चार अभियुक्त पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक़ सलोन कोतवाली अंतर्गत कस्बा सलोन निवासी जय प्रकाश कौशल की विशाल सिनेमा हाल के समीप प्रकाश मोटर साइकिल पार्ट्स की दुकान है। 24 सितम्बर 2017 की रात अज्ञात चोरों ने गोदाम में सेंधमारी करते हुए कीमती और महंगे मोटर साइकिल पार्ट्स पर हाथ साफ कर दिया था। पुलिस ने पीड़ित व्यवसाई की तहरीर पर चोरी का मुकदमा पंजीकृत करते हुए आरोपियों की खोजबीन के लिए मुखबिरों को लगा दिया था। कोतवली प्रभारी जीडी शुक्ला ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया की पकड़े गए आरोपी राकेश कुमार उर्फ बल्ले पुत्र लल्लू, अर्जुन पुत्र सुखलाल ने अपने चार अन्य साथियों के साथ घटना को अंजाम दिया था। बीती रात लगभग 12 बजकर 40 मिनट पर मुखबिर की सूचना पर चोरी की योजना बनाते समय हाइवे के किनारे दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि इनके साथी राकेश पुत्र श्री नाथ,कुलदीप पुत्र नैने, राज, धर्मराज उर्फ धर्मा पुत्र जगदेव फरार है। अभियुक्तों के पास से दो अदद तमंचा ,चोरी किया गया लगभग दो लाख रुपये का माल इनके घर से बरामद हुआ है।
