राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:
विधानसभा चुनाव के मतदान की तिथि नजदीक होने के साथ ही राजनैतिक दलों में आरोप प्रत्यारोप के दौर आरंभ हो गये हैं। सोशल मीडिया पर इन दिनों भाजपा के पूर्व
मंडल अध्यक्ष का वीडियो वायरल हो रहा है जो सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के लिए भद्दी भाषा का प्रयोग करते हुए भाजपा प्रत्याशी के नाम पर धमकाने का प्रयास कर रहे है। कांग्रेस नेताओं द्वारा सोशल मीडिया पर प्रसारित किये जा रहे इस वीडियो के सत्य या असत्य होने की हम पुष्टि नहीं कर रहे हैं। परंतु प्रसंगिक है कि चुनाव के ऐन मध्य में मतदाताओं को साड़िया और पैसे बांटे जाने के आरोप लगाये जा रहे हैं, साथ ही क्षेत्र में पंचायत प्रतिनिधियों को डराये-धमकाये जाने की चर्चा की जोरों पर है। मौजूदा वीडियो भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष
संदीप जैन बबलू का बताया गया है, जिसकी सत्यता के संबंध में हमारा कोई दावा नहीं है।
इस वीडियो को लेकर कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा नेता बबलू सिनेमा इस वीडियो में सरकारी योजनाओं के हितग्राही गरीब वर्ग को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। साथ ही उनके द्वारा कहा जा रहा है कि आपके ग्राम की डीपी भाजपा प्रत्याशी के एक फोन पर 2 दिन में रखवा दी जाएगी परंतु यदि उन्हे वोट नहीं मिली और वह हार गये तो वह आपका नुकसान भी कर सकते हैं। वह अच्छे आदमी नही है वह 20 वर्षों से उनके साथ रह रहे है वह आपकी डीपी रखवा सकते है तो उठवा भी सकते है।
भाजपा नेता का बताये जा रहे इस वीडियों को लेकर लोगो की प्रतिक्रियाये खुलकर सामने आ रही है। लोग गरीब हितग्राही परिवार को लेकर की गई टिप्पणी से खासे आहत दिखे और उन्होने अपनी प्रतिक्रियाये व्यक्त की।
