अशफ़ाक़ क़ायमखानी, सीकर/जयपुर (राजस्थान), NIT:

सीकर के शैक्षणिक क्षेत्र में बेहतरीन काम अंजाम देकर महिला शिक्षा में शहर को सिरमौर बनाकर फिजां में मिठास घोलने वाले सर सैयद अहमद खां के नाम से पुकारे जाने वाले वाहिद चौहान ने इस दफा कांग्रेस से सीकर विधानसभा से टिकट की डिमांड रखी। लेकिन कांग्रेस ने फिर से राजेन्द्र पारीक पर विश्वास जताया है। टिकट नहीं मिलने के बाद से वाहिद चौहान को लेकर उनके समर्थकों व विभिन्न राजनीतिक दलों मे उनके अगले कदम को लेकर शंसय बरकरार है।
वर्तमान समय में सीकर विधानसभा से कांग्रेस उम्मीदवार की स्थिति साफ व भाजपा उम्मीदवार को लेकर स्थिति साफ होना बाकी है। किसान नेता ताराचन्द धायल को भाजपा उम्मीदवार नहीं बनाने पर उनका किसी अन्य दल या निर्दलीय तौर पर चुनाव लड़ना लगभग तय माना जा रहा है। कुल मिलाकर यह है कि 2013 व 2018 में सीकर विधानसभा से मज़बूती के साथ चुनाव लड़ चुके वाहिद चौहान के अगले कदम को लेकर उनके हजारों समर्थक व राजनीतिक दल काफी उत्सुक नज़र आ रहे हैं। चौहान अपने पहले चुनाव में चालीस व दुसरे चुनाव में तीस हजार के करीब मत ले चुके हैं। चर्चा है कि वाहिद चौहान चार नवम्बर को मुम्बई से सीकर आकर अपने अगले कदम का खुलासा कर सकते हैं।
