मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

शाजापुर के कांग्रेस विधायक हुकुमसिंह कराड़ा द्वारा वाल्मीकि समाज को लेकर दिए एक बयान से वाल्मीकि समाज में आक्रोश है। इसे लेकर मंगलवार दोपहर भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर से राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा गया। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष ईश्वर चौहान ने ज्ञापन में कहा-शाजापुर के विधायक हुकुमसिंह कराड़ा द्वारा वाल्मीकि समाज का घोर अपमान करते हुए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। उनके शब्द इतने आपत्तिजनक हैं कि उसे ज्ञापन में लिखा भी नहीं जा सकता। कांग्रेस विधायक का यह कृत्य न केवल वाल्मीकि समाज बल्कि पूरे दलित समाज का अपमान है।
कार्रवाई की मांग कर सौंपा ज्ञापन
भाजपा मीडिया प्रभारी निलेश जूनागढ़े ने बताया कि अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि विधायक के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाना चाहिए। भाजपा नेताओं ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से कांग्रेस की मानसिकता का पता चलता है कि उनकी दलित समाज के प्रति किस तरह की मानसिकता है। ऐसी बयानबाजी पर रोक लगाना चाहिए और सख्ती से कार्रवाई होना चाहिए।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष एवं अजा मोर्चा प्रभारी विपुल कानगो, रविंद्र गावड़े, आनंद पाटीदार, गोकुल तायडे, शिवकुमार पासी, धर्म सौदे, विनोद पाटिल, चिंटू राठौर, चंद्रेश भाले, दीपक हरसुने सहित मोर्चा के पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
