मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

मेरी माटी, मेरा देश अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिले भर में विभिन्न घरों में जाकर अमृत कलश में मिट्टी संग्रह किया जा रहा है। यह कार्यक्रम भारतीय अखण्डता का प्रतीक है। शहर से लेकर गांव तक प्रत्येक घर की एक मुट्ठी माटी कलश में एकत्रित की जा रही है। जिसके लिए प्रत्येक वार्ड में भाजपा कार्यकर्ताओं की टोली काम कर रही है। अभियान के जिला प्रभारी ओम चौकसे ने बताया कि अभियान के तहत नेपानगर विधानसभा के खकनार विकासखंड में हर घर की एक मुट्ठी माटी कलश में संग्रह की जा रही है। मेरी माटी- मेरा देश अभियान को भाजपा संगठन के नेता लगातार जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान कर रहे हैं।न
भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज भीमसेन लधवे ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘मेरी माटी, मेरा देश’ अभियान के माध्यम से भारत की मिट्टी और वीरता का जश्न मनाने का एक अद्भुत विचार है। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता की 77वीं वर्षगांठ मनाने का एक अनूठा और नया तरीका है, ताकि आने वाली पीढ़ी के मन में अपने देश के प्रति और उन वीरों के प्रति सम्मान पैदा कर सकें। श्री लधवे ने कहा भारत माता के लिए अपना सर्वस्व अर्पण करने वाले वीर एवं वीरांगनाओं को सम्मान देना हर भारतीय का दायित्व है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस कार्यक्रम के माध्यम से भुला दिए गए स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों को याद करने की एक नई दृष्टि दी है। श्री लधवे ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के पश्चात लोगों में राष्ट्र प्रेम की भावना पहले से कहीं अधिक जागृत हुई है। प्रधानमंत्री के एक आह्वान पर सभी देशवासी ने अपने घर पर तिरंगा लगाने का ऐतिहासिक कार्य किया था। श्री लधवे ने आह्वान किया कि आजादी के अमृत काल में देश के जांबाज़ वीरों के शौर्य और बलिदान को समर्पित ‘मेरी माटी, मेरा देश’ अभियान से जुड़कर हम सभी अपना कृतज्ञ भाव प्रकट करें।
