नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की ओर से मथुरा में किया गया जल ज्ञान यात्रा का आयोजन | New India Times

अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की ओर से मथुरा में किया गया जल ज्ञान यात्रा का आयोजन | New India Times

नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की ओर से मथुरा में गुरुवार को ‘जल ज्ञान यात्रा’ का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने उत्‍सुकता के साथ लक्ष्मीनगर के एसटीपी प्लांट को देखा। वो वॉटर टेस्टिंग लेबोरेट्री भी गये और उन्होंने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का भ्रमण भी किया। जल जीवन मिशन की परियोजनाओं के शैक्षिक भ्रमण में मथुरा के 10 प्राथमिक विद्यालयों के लगभग 111 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। स्कूली बच्चों ने हर घर जल योजना से लाभान्वित ग्रामीणों के सुखद अनुभव को सुना।
पूर्व में पीने के पानी के संकट और योजना के आने के बाद घरों तक नल कनेक्शन पहुंचने से मिले फायदों को भी जाना।

जल निगम (ग्रामीण) मथुरा के सहायक अभियंता आरके सिंह ने कार्यालय से ‘हरी झंड़ी दिखाकर जल ज्ञान यात्रा’ का शुभारंभ किया। हाथों में जल संरक्षण से जुड़े स्‍लोगन लिए प्राथमिक विद्यालय के बच्‍चे बेहद उत्‍साह में थे। उन्होंने परियोजनाओं पर पहुंचकर वहां लगाए गये संसाधनों के बारे में अधिकारियों से कई प्रश्न भी पूछे। सहायक अभियंता ने छात्र-छात्राओं को परियोजनाओं से जुड़ी जानकारी देते हुए उनके प्रश्नों के उत्तर भी दिये। उन्‍हें सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, जल जांच की फील्ड टेस्ट किट और युवाओं को दिये जा रहे तकनीकी प्रशिक्षण की जानकारी भी दी। स्‍कूली बच्‍चों को स्वच्छ पानी की उपयोगिता बताते हुए दूषित पेयजल से होने वाले रोगों की जानकारी भी दी गई। बता दें कि राज्य सरकार की अनूठी पहल पर देश में पहली बार भावी पीढ़ी को जल जीवन मिशन की परियोजनाओं का सहभागी बनाने के लिए उत्तर प्रदेश में ”जल ज्ञान यात्रा” का शुभारंभ किया गया है।

वॉटर टेस्टिंग लैब में बच्चों ने जानी जल जांच प्रक्रिया
छात्र-छात्राओं को वॉटर टेस्टिंग लैब में जल गुणवत्ता परीक्षण करके स्‍वच्‍छ जल के मानकों के बारे में विस्‍तार से जानकारी दी गई। इस दौरान स्कूली बच्चों ने लैब में लगी आधुनिक मशीनों से अशुद्ध जल को स्‍वच्‍छ करने की पूरी प्रक्रिया को भी समझा।

बच्चों को जल जांच के लिए प्रयोग में आने वाली फील्ड टेस्ट किट से भी जल जांच करके दिखाया गया। बच्चों ने एफटीके प्रशिक्षित महिलाओं और तकनीकी रूप से प्रशिक्षित युवाओं से भी बातचीत कर उनसे कई रोचक जानकारियां ली।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version