रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

झाबुआ रतलाम हिसार से लेकर कोटा तक चल रही एक्सप्रेस ट्रेन को रतलाम तक बढ़ाने के लिए रेलवे बोर्ड ने ग्रीन सिग्नल दे दिया है।
इस ट्रेन को रतलाम तक बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधियों ने आवाज उठाई थी। कोरोना के पूर्व रतलाम – कोटा – रतलाम मेला एक्सप्रेस ट्रेन चलती थी, जिसे बंद किया गया, ये ट्रेन उसी की कमी को पूरा करेगी।
ट्रेन के चलने से कारोबारियों को सबसे अधिक लाभ होगा।
रेलवे के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार लंबे समय से हिसार – कोटा ट्रेन को रतलाम तक बढ़ाने की मांग की जा रही थी। अब जाकर रेलवे बोर्ड के पैसेंजर डायरेक्टर विभाग ने इसकी मंजूरी दी है।
हालांकि इसके फिलहाल अधिकृत आदेश जारी नहीं हुए है, लेकिन जिन जनप्रतिनिधियों ने इसके लिए आवाज़ उठाई थी, उनको इस बारे में बता दिया है।
हिसार कोटा ट्रेन सुबह करीब 5 बजे कोटा आती है। इस ट्रेन को एक घंटे के विराम के बाद सुबह 6 बजे कोटा से चलाने की योजना है।
सुबह करीब 11 बजे ये ट्रेन रतलाम आएगी। वापसी में ये ट्रेन दोपहर 1 बजे कोटा के लिए चलेगी व रतलाम से चलकर रास्ते में खाचरोद, नागदा जंक्शन, आलोट, चौमहला, सुवासरा, शामगढ़, भवानी मंडी व शाम 6 बजे कोटा पहुंचेगी।
रात 11:30 बजे कोटा से ये ट्रेन प्रतिदिन हिसार के लिए चलती है। ट्रेन का रखरखाव हिसार में होता है, इसलिए अतिरिक्त समय भी ट्रेन के लिए नहीं चाहिए होगा।
कारोबारियों को कई तरह से लाभ
इस समय सुबह 7 बजे प्लेटफॉर्म नंबर एक से रतलाम से कोटा के लिए मेमू स्तर की ट्रेन चलती है। इस ट्रेन में एसएलआर नहीं होने से सुबह सब्जी, फूल आदि नहीं जा पाते है। हिसार – कोटा ट्रेन के रतलाम तक विस्तार होने से बड़ा लाभ रतलाम के कारोबारियों को होगा। इतना ही नहीं रतलाम व आसपास के क्षेत्र के करीब 5 हजार से अधिक बच्चे कोटा में पढ़ाई कर रहे हैं।
इनको आने-जाने के लिए अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी।
मंजूरी मिल गई
रतलाम झाबुआ सांसद गुमान सिंह डामोर का कहना है कि हिसार कोटा ट्रेन को रतलाम तक विस्तार करने की मंजूरी दी गई है। इसकी सूचना भी जारी करने की तैयारी है।
गुमान सिंह डामोर, रतलाम-झाबुआ सांसद
