मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

एसपी बुरहानपुर श्री राहुल कुमार लोढ़ा के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस बुरहानपुर द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक तकनीक के माध्यम से हाई-टेक करने हेतु अब सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यातायात की निगरानी की जाएगी एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले खासकर बेतरतीब वाहन खड़े करने वाले वाहन चालकों पर नज़र रखी जाएगी। शहर के दो प्रमुख चौराहों से इसकी शुरुआत की गई है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से शहर के व्यस्ततम चौराहे शनवारा और सिंधी बस्ती चौराहे पर यातायात व्यवस्था की निगरानी की जा रही है।

सीसीटीवी कंट्रोल रूम से इन चौराहों पर नज़र रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की जा रही है। बाइक पर हेलमेट न लगाने वाले, तीन सवारी बिठाने वाले तथा बेतरतीब वाहन खड़े करने वाले वाहन चालकों को चालान नोटिस भेजा जा रहा है जिसकी जुर्माना राशि कोर्ट में भरना होगा। फिलहाल शहर के दो चौराहों पर इस कार्यवाही की शुरुआत की गई है। यातायात नियमों का उल्लंघन पर कल और आज दो दिन में 77 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की गई है।
